आईपीएल के 13वें सीजन के 27वें मैच में मुंबई इंडियंस (एमआई) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 5 विकेट से हरा दिया। अबुधाबी में खेले गए इस मैच में दिल्ली से मिले 163 रन के लक्ष्य को मुंबई की टीम ने 19.4 ओवर में 5 विकेट पर 166 रन बनाकर हासिल कर लिया। मुंबई लगातार चौथी जीत के साथ टीम अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गई है। मुंबई के क्विंटन डिकॉक ने आईपीएल में अपनी 12वीं और सूर्यकुमार यादव ने 9वीं फिफ्टी लगाई।
मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव 32 गेंद पर 53 रन बनाए। क्विंटन डीकॉक 36 गेंद पर 53 रन की पारी खेली। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा 12 गेंद पर 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हार्दिक पंड्या खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। ईशान किशन ने 28, कीरोन पोलार्ड ने नाबाद 11 और क्रुणाल पंड्या ने नाबाद 12 रन बनाए। दिल्ली के लिए कगिसो रबाडा ने दो विकेट लिए।
दिल्ली ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 162 रन बनाए। शिखर धवन ने सीजन में अपना पहला अर्धशतक लगाया। धवन ने 52 गेंद पर 69 रनों की नाबाद पारी खेली। एलेक्स कैरी 9 गेंद पर 14 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रेयस अय्यर 33 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए धवन के साथ 85 रनों की साझेदारी की। मार्कस स्टोइनिस 13 रन बनाकर रनआउट हो गए।