Odisha Coromandel Train Accident Live Updates: ओडिशा में यह वीडियो बालासोर में रेल दुर्घटनास्थल से ANI के ड्रोन कैमरे का है जहां राहत और बचाव कार्य जारी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और बीजेपी सांसद प्रताप चंद्र सारंगी बालासोर में रेल दुर्घटनास्थल पहुंचे।देखें वीडियो…
#WATCH ओडिशा: वीडियो बालासोर में रेल दुर्घटनास्थल से ANI के ड्रोन कैमरे का है जहां राहत और बचाव कार्य जारी है। #BalasoreTrainAccident pic.twitter.com/pjM5EufL1X
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 3, 2023
दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालासोर ट्रेन दुर्घटना के संबंध में स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बालासोर हादसे के बाद हावड़ा जंक्शन पर एम्बुलेंस और चिकित्सा कैंप की स्थापना की गई। सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा जाएंगे। पहले वे बालासोर में दुर्घटनास्थल का दौरा करेंगे और फिर कटक के अस्पताल का दौरा करेंगे।
दक्षिण पूर्व रेलवे के हवाले से जानकारी दी गई है कि अब तक मिली जानकारी के मुताबिक 238 लोगों की मृत्यु हुई है। लगभग 650 घायल यात्रियों को गोपालपुर, खंटापारा, बालासोर, भद्रक और सोरो के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक 238 लोगों की मृत्यु हुई है। लगभग 650 घायल यात्रियों को गोपालपुर, खंटापारा, बालासोर, भद्रक और सोरो के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है: दक्षिण पूर्व रेलवे#BalasoreTrainAccident pic.twitter.com/M4Yee0tHJF
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 3, 2023
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि कुछ तकनीकी कारण से ये घटना हुई है। रेल विभाग ने इसकी जांच के लिए कमेटी बनाई है। रेल मंत्री यहां घटनास्थल पर सुबह से मौजूद हैं, वे इस विषय को खुद देख रहे हैं।उन्होंने कहा कि दुर्घटना बहुत ही दुखद है। स्थानीय लोग, प्रशासन, NDRF, सेना सभी मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में लगे हैं। प्रधानमंत्री यहां आएंगे और घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव , ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और बालासोर से बीजेपी सांसद प्रताप सारंगी ने बालासोर के अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बालासोर के लिए रवाना हुई।
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहेब पाटिल दानवे ने मुंबई में कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता घायलों को अस्पताल में भर्ती कराना है…यह हादसा मानवीय गलती से हुआ है या तकनीकी कारण से हुआ है इसके लिए हाई लेवल जांच कमेटी का गठन किया गया है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि बालासोर की यह बहुत ही दुखद दुर्घटना है। मैं स्थानीय लोगों का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने रातभर लोगों को बचाया। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पश्चिम बंगाल के बालासोर रेल हादसे में गाव गंगारामपुर क्षेत्र के एक निवासी की मृत्यु हो गई।एक स्थानीय ने बताया, “हमारे यहां से दो लोग नितिन राय और चंदन राय कोरोमंडल एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। हमें जब रेल दुर्घटना की खबर मिली तब हमने फोन किया, उस समय नितिन का फोन ऑन था। एक अन्य व्यक्ति ने फोन उठाकर बताया कि नितिन की दुर्घटनास्थल पर मृत्यु हो चुकी है। दुर्घटना के बाद से चंदन राय से कोई संपर्क नहीं हो पाया है।”
वहीं बालासोर रेल दुर्घटना में बालीघाट पुरवापारा ग्राम पंचायत क्षेत्र के धनगरा के एक निवासी की मृत्यु हो गई। मृतक की मां ने कहा, “मेरे बेटे की कल बालासोर रेल दुर्घटना में मृत्यु हो गई। वह चेन्नई जाने के लिए घर से निकला था। उसकी उम्र 26 साल थी, उसके दो बच्चे थे, उनके सिर से पिता का साया उठ गया।”
पूर्व मेदिनीपुर में बालासोर रेल दुर्घटना के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्य सुरक्षित अपने घर लौटे उन्होंने बताया, “हम खड़गपुर से चेन्नई जा रहे थे। बालासोर के पास ही हमें एक झटका लगा और लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। हमें समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है, हमें बचने की उम्मीद नहीं थी।”
बालासोर रेल हादसे में घायलों की मदद के लिए लोग जिला अस्पताल में रक्तदान करने पहुंच रहे हैं। रक्तदान करने आए एक व्यक्ति ने कहा, “लोगों की स्थिति बहुत नाजुक है, कई लोग ऐसे हैं जिनके पैर-हाथ नहीं है। मैंने रक्तदान कर दिया जिससे किसी की जान बच सके और वे अपने घर जा सके।”
उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कहा कि ओडिशा के बालासोर में कल बेंगलुरु-हावड़ा एक्प्रेस, कोरोमंडल एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी दुर्घटना का शिकार हुई, इसमें कई लोगों की मृत्यु हुई। जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है उनके लिए मैं संवेदना व्यक्त करता हूं।
आंध्र प्रदेश के CM वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि ओडिशा का ट्रेन हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है। हम रेलवे अधिकारियों से बात कर आंध्र प्रदेश के पीड़ितों का विवरण ले रहे हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है, मैं भगवान से उन्हें मानसिक शांति देने की प्रार्थना करता हूं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में कहा कि ओडिशा रेल दुर्घटना में जिनकी मृत्यु हुई है उनके परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। हम प्रार्थना करते हैं कि उनके परिवारों को ये दुख सहन करने की शक्ति दें। जो लोग अभी भी जख्मी है उन्हें स्वास्थ्य लाभ मिले इसकी भी हम कामना करते हैं।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु के प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये तमिलनाडु सरकार द्वारा दिए जाएंगे। बचाव और राहत कार्य करने के लिए अतिरिक्त अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में कहा कि ओडिशा का रेल हादसा बहुत ही दुखद है। जो लोग भी इसमें हताहत, दिवंगत हुए हैं उन सभी के लिए मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं। जिनकी मृत्यु हुई है उनके परिजनों को भगवान इस दुख को सहने की शक्ति दें।
NCP नेता और सांसद सुप्रिया सुले, पुणे में कहा कि यह बहुत ही दुखद दुर्घटना है। जिन्हें हम बचा नहीं पाए उन्हें मैं श्रद्धाजंलि अर्पित करती हूं। मैं अधिकारियों से अनुरोध करूंगी कि वे सभी को बचाएं और सरकार दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए एक कमेटी का गठन करें।
NCP नेता अजीत पवार ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, रेल विभाग को इसकी जांच कर जो दोषी हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। रेलवे को यात्रियों की जान को अहमियत देनी चाहिए। पहले रेल मंत्री ऐसे रेल हादसों पर इस्तीफा दे देते थे, लेकिन अब कोई बोलने को तैयार नहीं।
वीनित गुप्ता, SDGM, दक्षिण पूर्व रेलवे ने बताया कि अभी जो ट्रेन आई है उसमें चोटिल लोग नहीं थे, इसमें वे यात्री थे जिन्हें बहुत ही मामूली या बिल्कुल चोट नहीं थी। जो लोग घायल हैं उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। अब जो ट्रेन आने वाली है उसमें 1000 लोग हैं जो मुख्यतः हावड़ा के ही हैं।
उससे पहले बालासोर रेल हादसे के बाद ट्रेन में मौजूद कुछ लोगों को लेकर एक ट्रेन हावड़ा स्टेशन पहुंची।इस ट्रेन में 200 यात्री थे, जिनमें से ज्यादातर लोग मद्रास जा रहे थे। हमने यात्रियों को सुविधा दी थी कि वे अपने घर के पास वाले स्टेशन पर उतर सकते हैं, ऐसे में बहुत से लोग रास्ते में उतर चुके हैं। अब जो दूसरी ट्रेन आ रही है उसमें 1000 यात्री आ रहे हैं।
अतुल करवाल, DG, NDRF, दिल्ली में बताया कि NDRF की 9 टीमें मौके पर तैनात हैं। घटना के सवा घंटे के अंदर हमारी पहली टीम वहां पहुंच गई थी। बचाव अभियान में 300 से ज्यादा लोग लगे हुए हैं।
नरेंद्र सिंह बुंदेला आईजी एनडीआरएफ दिल्ली में बताया कि ऑपरेशन जारी है, सरकार ने घोषणा की है कि घटना में 238 लोगों की मृत्यु हुई है और 900 से अधिक लोग घायल हुए हैं। उम्मीद है कि आज शाम तक ये ऑपरेशन खत्म हो जाए और उसके बाद हम पूरे आकंड़े बता पाएंगे।
ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने जानकारी देकर बताया कि भुवनेश्वर में अब तक 238 लोगों की मृत्यु हुई है, लगभग 900 लोग घायल हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। 233 लोगों के शव बरामद हुए हैं। NDRF, ODRAF और दमकल विभाग अब भी बोगी को काटने और लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
शिनाख्त किए गए शवों को या तो उनके परिजनों को सौंप दिया जा रहा है या पोस्टमॉर्टम के बाद उनके गंतव्य स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अज्ञात लोगों के लिए वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।NDRF की 7, ODRAF की 5 और दमकल विभाग की 24 टीमें स्थानिय पुलिस के साथ मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।