यूपी विधानसभा चुनाव का समय नजदीक है, ऐसे में नेताओं की बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच यूपी सरकार में मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने प्रतिष्ठित जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी पर विवादित बयान देकर सियासी पारा बढ़ा दिया है। रघुराज सिंह ने कहा कि जेएनयू में सेक्स स्कैंडल चलता है। यह बयान रघुराज सिंह ने अलीगढ़ की एक चुनावी रैली के बाद दिया है।
रघुराज सिंह ने कहा कि JNU में सेक्स स्कैंडल चलता है। यूपी सरकार में मंत्री रघुराज सिंह यहीं नहीं रूके उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण भी वहाँ जाती हैं।आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के श्रम और सेवायोजन राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने यह विवादित बयान अमित शाह की अलीगढ़ में रैली के दौरान मीडिया से बातचीत में दिया।
अलीगढ़ में मंत्री रघुराज ने कहा, ‘नेहरू की रणनीति के तहत जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय बना था। जेएनयू में सैक्स स्कैंडल चलता है। जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में कम्युनिस्ट और देशद्रोही पाले गए हैं।
देश विरोधी वहां सैक्स स्कैंडल चलाते हैं, जिसमें राहुल गांधी और दीपिका पादुकोण जैसे बड़े लोग जाते हैं। देश विरोधी लोग वहां इकठ्ठे हो रहे हैं, लेकिन हम आने वाले समय में इन देश विरोधी ताकतों को कुचल देंगे।’
मंत्री रघुराज यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में हिंदू छात्रों के लिए उर्दू अनिवार्य नहीं होनी चाहिए। हिंदू छात्र हिंदी जानते है। हिंदी में पढ़ाई होनी चाहिए साथ ही यहाँ पर आरक्षण के सवाल पर कहा कि कांग्रेस की सरकार इसको अल्पसंख्यक यूनिवर्सिटी बनाना चाहती थी। यह हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी बनेगी।
यह पहला मौका नहीं है जब यूपी सरकार के मंत्री ने विवादित बयानबाजी की हो। इसके पहले उन्होंने मदरसों को निशाना बनाते हुए विवादित बयान दिया था।
तब रघुराज सिंह ने कहा था, ” भगवान ने मौका दिया तो पूरे देश के मदरसों को बंद करा दूंगा, पूरे देश के मदरसों के अंदर आतंकवादियों के अड्डे हैं और इन मदरसों से ट्रेनिंग लेने के बाद निकलने वाला आतंकी बनता है। उनकी सोच भी आतंकवादियों जैसी होती है।”
हालांकि, मदरसे वाले बयान पर विपक्ष और मुस्लिम संगठनों ने नाराजगी जताई तो राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम का सहारा लेते हुए कहा था कि कलाम साहब ने कहा था कि मुसलमान पैदायशी आतंकवादी नहीं होता है जब वह मदरसे में पढ़ने जाता है तो वह कई बातें सीखता है।
ठाकुर रघुराज सिंह ने देश में रहने वाले मुसलमानों को कन्वर्टेड बताते हुए सनातन धर्म को विश्व का सबसे बड़ा धर्म बताया था। देश को तालिबान नहीं बनने देने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि तालिबानियों ने एक भी महिला को अपने देश में मंत्री नहीं बनाया इसलिए मैंने ये बात कही थी हालांकि मंत्री ने कहा कि अभी दो दिन पहले प्रयागराज में एक मौलवी ने मुस्लिम बच्ची के साथ मदरसे में रेप किया, इसलिए मदरसे बंद होने चाहिए।