वित्त वर्ष 2020-21 के लिए अब तक पांच करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न दाखिल किए जा चुके हैं। आयकर विभाग ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। विभाग व्यक्तिगत करदाताओं के लिए वित्त वर्ष 2020-21 का आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख को पहले ही पांच महीने बढ़ाकर 31 दिसंबर 2021 कर चुका है।
फ़िलहाल एसेसमेंट ईयर 2021-22 के लिए ITR भरने की समय सीमा 31 दिसंबर को खत्म हो रही है लेकिन अब भी लाखों टैक्सपेयर्स ने ITR नहीं भरा है। उन्हें नए टैक्स फाइलिंग पोर्टल पर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और इसका गुस्सा वे सोशल मीडिया पर निकाल रहे हैं।
बता दें निर्धारित तारीख तक ITR दाखिल नहीं करने पर आपको 5 हजार रुपए तक का भारी जुर्माना चुकाना पड़ सकता है। वहीं समय पर ITR दाखिल नहीं करने पर आयकर विभाग से आपको नोटिस मिल सकता है।
आयकर विभाग ने अपने ट्वीट में कहा कि बुधवार 29 दिसंबर शाम 5 बजकर 45 मिनट तक 5 करोड़ से भी अधिक रिटर्न दाखिल किए जा चुके हैं। रिटर्न जमा करने की समय सीमा नजदीक आने के साथ आईटीआर की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
More than 5 crore Income Tax Returns for AY 2021-22 filed till 5:45pm today!
Hope you have filed yours too!
If not, please file your #ITR for AY 2021-22 before the extended due date of 31st December, 2021.
Please visit https://t.co/GYvO3n9wMf #FileNow #ITR pic.twitter.com/LLBDgAm2Lj— Income Tax India (@IncomeTaxIndia) December 29, 2021
आयकर विभाग ने बुधवार को एक ट्वीट में कहा था कि बुधवार यानी 29 दिसंबर तक तकरीबन 5 करोड़ ITR भरे जा चुके हैं। वित्त वर्ष 2019-20 के लिए कुल 5.95 करोड़ रिटर्न जमा किए गए थे। इस हिसाब से देखें तो अब भी लगभग 95 लाख से अधिक टैक्सपेयर्स ने ITR नहीं भरा है। यही वजह है कि ITR फाइलिंग की डेडलाइन को आगे बढ़ाने की मांग की जा रही है।
वित्त वर्ष 2019-20 के लिए 5.95 करोड़ ITR दाखिल किए गए थे जिसके लिए 10 जनवरी, 2021 तक समयसीमा बढ़ाई गई थी।आयकर विभाग ने वित्त वर्ष 2019-20 का ITR जमा करने वाले करदाताओं को राहत देते हुए कहा है कि रिटर्न का ई-सत्यापन नहीं करने वाले करदाता 28 फरवरी, 2022 तक यह काम पूरा कर सकते हैं।
इस बीच टैक्स प्रोफेशनल्स ने भी ITR भरने के लिए 31 दिसंबर के डेडलाइन को आगे बढ़ाने की मांग की है। Chamber of Tax Consultants ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज को पत्र लिखकर ITR भरने की डेडलाइन बढ़ाकर 31 मार्च, 2022 करने की मांग की है।