किसान आन्दोलन के समर्थन में सोमवार को कन्नौज में होने वाले किसान यात्रा से पहले ही पुलिस ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उनके निजी आवास पर नजरबंद कर दिया है। अखिलेश यादव की अगुवाई में आज किसान यात्रा निकालने की तैयारी है। लेकिन लखनऊ में पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है।
समाजवादियों को गिरफ़्तार कर उन्हें किसानों का साथ देने से नहीं रोक पाएगी दंभी सरकार !
समाजवादी पार्टी के सभी कार्यकर्ता, नेता अपने अपने गृह जनपदों में किसान यात्रा को जारी रखें। pic.twitter.com/yENCvTPa8v
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) December 7, 2020
अखिलेश यादव के आवास और सपा ऑफिस के डेढ़ किलोमीटर के दायरे में पुलिस ने बैरिकेडिंग के साथ ही सभी रास्तों को सील कर दिया है। इस बीच सपा प्रमुख ने ट्वीट कर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और कार्यकर्ताओं से किसान यात्रा में शामिल होने की अपील की।
लखनऊ पुलिस ने समाजवादी पार्टी के MLC राजपाल कश्यप और आशू मलिक को हिरासत में लिया है। दोनों ही लखनऊ में समाजवादी पार्टी के दफ्तर जाने की कोशिश कर रहे थे, जिस इलाके को सील किया गया है। राजपाल कश्यप ने कहा कि पुलिस हमें क्यों रोक रही है, ये अघोषित आपातकाल है। आखिर अखिलेश यादव को क्यों रोका जा रहा है।
क़दम-क़दम बढ़ाए जा, दंभ का सर झुकाए जा
ये जंग है ज़मीन की, अपनी जान भी लगाए जा‘किसान-यात्रा’ में शामिल हों! #नहीं_चाहिए_भाजपा
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) December 7, 2020
किसान यात्रा से पहले अखिलेश यादव ने आज सुबह ट्वीट भी किया। उन्होंने लिखा, ‘कदम-कदम बढ़ाए जा, दंभ का सर झुकाए जा, ये जंग है ज़मीन की, अपनी जान भी लगाए जा… ‘किसान-यात्रा’ में शामिल हों! #नहीं_चाहिए_भाजपा’
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा का चुनाव होना है, ऐसे में अब अखिलेश यादव ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया है। और किसान आंदोलन के जरिए जमीन पर राजनीति करने उतर रहे हैं, लेकिन यूपी पुलिस ने ऐसी सुरक्षा की है कि अभी तक सपा की ये किसान यात्रा शुरू नहीं हो सकी है।
किसान यात्रा को लेकर सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अताउर्रहमान ने बताया कि किसान यात्रा के जरिए हमारी पार्टी केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में किसानों को जागरुक करेगी। सपा नए कृषि कानूनों के खिलाफ सूबे के हर जिले में किसान यात्रा निकालेगी।