देश में कोरोना की तीसरी लहर का कहर देश की राजधानी दिल्ली में तेज हो गया है। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 17.73 प्रतिशत हो गई है। शुक्रवार को यहाँ 17,335 नए कोरोना मामले सामने आए। साथ ही कोरोना से पिछले 24 घंटे में 9 लोगों की मौत हुई।
शुक्रवार को रात 10 बजे से दिल्ली में सोमवार शाम 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा और इन 55 घंटों के दौरान दुकानें, मॉल और बाजार बड़े पैमाने पर बंद रहेंगे। लॉकडाउन के दौरान केवल आवश्यक दुकानों, सेवाओं को ही काम करने की अनुमति होगी। सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने प्रसूति और चिकित्सा अवकाश को छोड़कर शहर के सभी सरकारी अस्पतालों को अवकाश रद्द करने को कहा है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 17,335 नए कोविड मामले सामने आए और 9 लोगों की मौत हुई; सक्रिय मामले 39,873 हैं। पॉजिटिविटी रेट 17.73% है। pic.twitter.com/rKOyxFVV0W
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 7, 2022
इससे पहले शुक्रवार सुबह दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली संक्रमण में वृद्धि दर्ज करने वाला देश का पहला राज्य है क्योंकि अधिकांश अंतरराष्ट्रीय उड़ानें राजधानी में आती हैं।कल दिल्ली में कोरोना के 15,097 नए मामले सामने आए थे। यह 8 मई, 2021 के बाद का सर्वाधिक आंकड़ा है।
जैन ने बताया कि अभी तक माइल्ड सिम्प्टम्स ही सामने आ रहे हैं लेकिन सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि अब होम आइसोलेशन 7 दिन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अगर 3 दिन तक सिम्टम्स ना दिखे तो दोबारा टेस्ट करवाने की ज़रूरत नहीं है।
गौरतलब है कि गुरुवार को दिल्ली में 15,000 नए कोरोना मामले आए थे। गुरुवार को पॉजिटिविटी रेट 15 प्रतिशत था, जो आज बढ़कर 17.73 प्रतिशत हो गया है। दिल्ली में अब कोरोना एक्टिव केस की संख्या 39,873 हो गई है।
दिल्ली में दिन प्रतिदिन बढ़ रही केसों की स्थिति
• 1 जनवरी को दिल्ली में 2796 केस,
• 2 जनवरी की रिपोर्ट में 3194 केस,
• 3 जनवरी को 4099,
• 4 जनवरी को 5481,
• 5 जनवरी 10,665,
• 6 जनवरी को 15097
• 7 जनवरी को आज यह आंकड़ा 17335 तक पहुँच गया है।
इससे पहले
• 29 दिसंबर को कोरोना के 923 केस दर्ज हुए थे।
• 30 दिसंबर को 1313 केस,
• 31 दिसंबर को 1796 केस आए।
बढ़ते COVID-19 मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने अपने नौ अस्पतालों में मौजूदा 3,316 से 4,350 तक कोविड बेड बढ़ाने का आदेश दिया है।